एसएससी परीक्षा के लिए करेंट अफेयर्स (Hindi Current Affairs) 05 August, 2013

एसएससी परीक्षा के लिए करेंट अफेयर्स (Hindi Current Affairs)

05 अगस्त 2013

मप्र के मदरसों में भी पढ़ाई जाएगी गीता

शिक्षा के भगवाकरण के आरोपों के बावजूद शिवराज सरकार ने मध्य प्रदेश के स्कूलों और मदरसों में गीता पढ़ाना अनिवार्य कर दिया है। राज्य शासन ने कक्षा पहली व दूसरी की विशिष्ट उर्दू व विशिष्ट अंग्रेजी की किताब में इसी सत्र से गीता प्रसंग का एक अध्याय जोड़ने की अधिसूचना जारी कर दी है। कक्षा तीसरी से आठवीं तक सामान्य हिंदी में गीता के प्रसंग पढ़ाए जाएंगे।

राज्य सरकार ने पाठ्यपुस्तक अधिनियम में संशोधन कर अब मदरसों में उर्दू पाठ्यक्रम में भी गीता की शिक्षा को अनिवार्य कर दिया है। इस संशोधन के तहत कक्षा पहली और दूसरी की विशिष्ट उर्दू व अंग्रेजी के साथ चालू शैक्षणिक सत्र 2013-14 से ही भगवदगीता के अध्याय पढ़ाए जाने का आदेश जारी कर दिया है। राज्य शिक्षा केंद्र व मप्र मदरसा बोर्ड से संबद्ध सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए यह नियम अनिवार्य होगा। इसके साथ ही कक्षा 3 से 8 तक गीता के अध्याय सामान्य हिंदी के पाठ्यक्रम में जोड़े जाएंगे।

दस फीसद बढ़ सकता है महंगाई भत्ता

त्योहारी सीजन को देखते हुए केंद्र सरकार केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में दस फीसद बढ़ोतरी का मन बना रही है। इसकी घोषणा अगले महीने करने की तैयारी है। इसका लाभ 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 30 लाख पेंशन धारकों को मिल सकेगा। फिलहाल, केंद्रीय कर्मियों को 80 फीसद महंगाई भत्ता मिलता है जो वृद्धि के बाद 90 फीसद हो जाएगा।

सरोगेसी पर केंद्र ने तैयार किया कड़े कानून का मसौदा

किराए की कोख के जरिए भारतीय महिलाओं का शोषण रोकने के लिए केंद्र सरकार एक सख्त कानून बनाने जा रही है। इस कानून के बन जाने के बाद भारत में महिलाएं अपने बच्चों सहित तीन संतानों के सफल जन्म के बाद सरोगेट मां नहीं बन सकेंगी। ऐसी माताओं का स्वास्थ ठीक रहे इसके लिए यह भी अनिवार्य होगा कि दो बच्चों के जन्म में कम से कम दो साल का अंतर रहे। इस कानून के प्रावधानों के किसी भी तरह के उल्लंधन पर भारी जुर्माना लगेगा।

सरोगेसी पर नियंत्रण के लिए ये प्रावधान प्रस्तावित असिस्टेड रीप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजीज [एआरटी] विधेयक के मसौदे में किए गए हैं। इस विधेयक के अनुसार 21 साल से कम और 35 साल से अधिक उम्र की कोई महिला सरोगेट मां नहीं बन सकेगी। इस विधेयक में उन शर्तो का भी उल्लेख है जिनके तहत विदेशी दंपती भारत में सरोगेट किराए पर ले सकेंगे।

मिसी फ्रेंकलिन का जलवा, बनाया छह स्वर्ण जीतने का रिकॉर्ड

अमेरिका की किशोरी मिसी फ्रेंकलिन रविवार को विश्व तैराकी चैंपियनशिप में छह स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली तैराक बन गईं। उन्होंने यह उपलब्धि अमेरिका की 4 गुणा 100 मीटर मेडले रिले टीम को स्वर्ण पदक जिताने के साथ हासिल की।

महिला जूनियर हॉकी विश्व कप: भारतीय लड़कियों ने रचा इतिहास

भारतीय लड़कियों ने गुरुवार को इतिहास रचते हुए यहां खेले जा रहे महिला जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाले स्पेन को 4-2 से हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बनाई है। भले ही भारत ने इस मैच की शुरुआत छुपे रुस्तम की तरह की हो, लेकिन उसने मिले मौकों पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मजबूत स्पेनिश टीम को शिकस्त दी।