एसएससी परीक्षा के लिए करेंट अफेयर्स (Hindi Current Affairs) 26 July, 2013

एसएससी परीक्षा के लिए करेंट अफेयर्स (Hindi Current Affairs)

26 जुलाई 2013

अब गुजरात के होटेल परोसेंगे यूपीए घोटालों की डिश

मुंबई के एक रेस्तरां के खाने के बिल में यूपीए सरकार के घोटाले को लेकर हुआ बवाल अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि गुजरात के रेस्तरां घोटालों के नाम पर डिशेज़ परोसने की तैयारी में हैं। जब आप इन रेस्तरां में खाने जाइएगा तो आपको '2जी समोसा', 'कोलगेट सैंडविच' जैसी डिशेज़ मेन्यू में दिख सकती हैं।

गुजरात राज्य होटेल फेडरेशन (GRHF) मुंबई के अदिति रेस्तरां के पक्ष में खड़ा हुआ है और उसने यूपीए सरकार के घोटालों पर अपने होटेले में डिशेज़ परोसने का फैसला किया है। दरअसल, यूपीए सरकार के घोटालों का जिक्र खाने के बिल में करने को लेकर मुंबई के परेल के मशहूर अदिति रेस्तरां को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बंद करवा दिया गया था और होटेल मालिक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। हालांकि, होटेल अगले दिन खुल गया था। अब इस घटना का विरोध जताने के लिए GRHF अलग तरह की योजना बना रहा है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण नेहरू का निधन

पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजीव गांधी की सरकार में बेहद प्रभावशाली रहे अरुण नेहरू का निधन हो गया। नेहरू लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। 69 साल के नेहरू राजीव गांधी की सरकार में आंतरिक सुरक्षा मंत्री थे। गुरुवार को गुड़गांव के एक हॉस्पिटल में रात 10:47 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। इनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को दिल्ली के लोधी शमशान घाट पर किया जाएगा।

अरुण नेहरू को 18 दिन पहले हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनके परिवार में पत्नी सुभद्रा और दो बेटियां हैं। इनका जन्म लखनऊ में हुआ था। वह 3 बार लोकसभा सांसद चुने गए। 1980 के दशक में वह सरकार के अलावा कांग्रेस में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे। एक वक्त ऐसा भी आया जब वह कांग्रेस से पूरी तरह दूर हो गए।

चुमार में चीन ने फिर की घुसपैठ की कोशिश

सीमा पर लगातार दुस्साहस दिखा रहे चीन ने लद्दाख के चुमार सेक्टर के नजदीक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गत 20 जुलाई को भी घुसपैठ की कोशिश की। हालांकि भारतीय सेना के मुस्तैद निगरानी दस्तों ने चीनी सैनिकों की इस कोशिश को नाकाम कर उन्हें पीछे लौटने पर मजबूर कर दिया। सूत्रों के अनुसार, 20 जुलाई को चीनी सैनिक चुमार से नजदीक टिबल इलाके की ओर बढ़ रहे थे, जो भारतीय सीमा में करीब 5 किमी भीतर है। यहां चीनी सैनिकों के दस्ते का सीधा आमना-सामना आइटीबीपी और सेना के गश्ती दल से हुआ।

आधुनिक मौसम उपग्रह इनसेट-3डी का सफल प्रक्षेपण

भारत के आधुनिक मौसम उपग्रह इनसेट-3डी का फ्रेंच गुयाना के कोउरू स्थित स्पेसपोर्ट से शुक्रवार को एक यूरोपीय रॉकेट के जरिये सफल प्रक्षेपण किया गया। इससे मौसम की भविष्यवाणी करने और आपदा की चेतावनी देने वाली सेवाओं को नया आयाम मिलेगा।

यूरोपीय अंतरिक्ष संघ एरियनस्पेस के एरियन-5 नामक रॉकेट ने इनसेट-3डी और एल्फासेट उपग्रहों को प्रक्षेपित किया। एल्फासेट, यूरोप का अब तक का सबसे बड़ा दूरसंचार उपग्रह है। इसका निर्माण यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी और इन्मारसेट के बीच बड़े स्तर की सार्वजनिक तथा निजी भागीदारी के तहत किया गया है। उपग्रह ले जाने वाले वाहन ने स्पेसपोर्ट के ईएलए-3 प्रक्षेपण क्षेत्र से भारतीय समयानुसार रात 1 बजकर 23 मिनट पर उड़ान भरी। यह उड़ान लगभग 33 मिनट की थी।

बैंकॉक में हिंदुत्व पर भाषण देंगे नरेंद्र मोदी

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी अगले माह बैंकॉक में व‌र्ल्ड हिंदू इकॉनॉमिक फोरम में हिंदुत्व पर भाषण देंगे। मोदी के अलावा इस समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु, उद्योगपति तुलसी तंती व थाईलैंड स्थित भारत के राजदूत अनिल वाधवा भी शिरकत करेंगे।।0 व 11 अगस्त को भारतीय मूल के लोगों द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में दुनिया के विविध कोनों में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोग भाग लेंगे। मोदी के लिए देश से बाहर हिंदुत्व पर बोलने का यह पहला मौका होगा इसलिए इस पर राजनीति के जानकारों की नजरें टिकी हैं।

अटल जी कहें तो वापस कर दूंगा भारत रत्न: अमर्त्य सेन

नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अम‌र्त्य सेन से भारत रत्‍‌न लौटा देने की भाजपा सांसद चंदन मित्रा की मांग को लेकर गुरुवार को एक नया विवाद शुरू हो गया। इस मांग पर सेन ने कहा कि यदि भाजपा के शीर्ष नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी कहें तो वह पुरस्कार लौटा देंगे। भाजपा ने इस मांग को मित्रा की निजी राय कहकर इस प्रकरण को समाप्त करने की कोशिश की है जबकि कांग्रेस ने इस पर यह कहते हुए हमला बोला है कि यह भाजपा की फासीवादी मानसिकता को दर्शाता है।

केट और प्रिंस विलियम ने अपने बेटे का नाम जॉर्ज अलेक्जेंडर रखा

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय बुधवार को अपने नवजात प्रपौत्र को देखने पहुंचीं और उसके साथ आधा घंटा गुजारा। केट मिडलटन और प्रिंस विलियम ने अपने बेटे का नाम जार्ज अलेक्जेंडर लुई रखा है। दादा प्रिंस चा‌र्ल्स और पिता प्रिंस विलियम के बाद ब्रिटिश ताज के उत्तराधिकारियों की सूची में तीसरे नंबर मौजूद केट मिडलटन और विलियम का बेटा प्रिंस जार्ज ऑफ कैंब्रिज के नाम से जाना जाएगा। राष्ट्रपति प्रणब मुखजीर् ने महारानी एलिजाबेथ को उनके प्रपौत्र के जन्म पर बधाई दी है।

महारानी एलिजाबेथ बकिंघम पैलेस से अकेले ही बच्चे को देखने केंसिंग्टन पैलेस गई थीं। उनके पति ड्यूक ऑफ एडिनबरा उनके साथ नहीं थे। पेट के ऑपरेशन के बाद वह स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। मंगलवार को बकिंघम पैलेस में आयोजित भोज में 87 वर्षीय महारानी ने कहा कि वह अपने प्रपौत्र के जन्म से बहुत खुश हैं। महारानी शुक्रवार को अपने पारंपरिक ग्रीष्म अवकाश के लिए स्कॉटलैंड के बालमोरल रवाना होने वाली हैं।