एसएससी परीक्षा के लिए करेंट अफेयर्स (Hindi Current Affairs) 26 August, 2013

एसएससी परीक्षा के लिए करेंट अफेयर्स (Hindi Current Affairs)

26 अगस्त 2013

तमिलनाडु के 35 मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने किया गिरफ्तार

श्रीलंकाई नौसेना ने पाक जलडमरूमध्य में तलाईमन्नार और धनुषकोडी के बीच मछलियां पकड़ रहे तमिलनाडु के 35 मछुआरों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया और उनकी चार नौकाएं जब्त कर ली।

मछुआरों के मुद्दे पर श्रीलंका के उच्चायुक्त तलब आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्रीलंकाई नौसैनिकों ने कथित रूप से अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा [आईएमबीएल] का उल्लंघन करने के मामले में मछुआरों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने बताया कि मछुआरों को श्रीलंका के तलाईमन्नार में एक सैन्य शिविर में रखा गया है।

परिक्रमा' को लेकर संसद में हंगामा, अधर में खाद्य सुरक्षा बिल

विश्व हिंदू परिषद की अयोध्या में होने वाली 84 कोसी परिक्रमा को लेकर जहां पूरे देश में विवाद छिड़ गया है वहीं सोमवार को सदन में भी इसके विरोध के सुर सुनाई दिए। भाजपा ने सदन में इस मुद्दे को पर जोरदार हंगामा किया। इसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

इधर, भाजपा ने सदन में इस मामले को लेकर प्रश्नकाल स्थगित करने का नोटिस भी दिया। कार्यवाही के दौरान संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा कभी भी संसद को सुचारू रूप से चलने नहीं देती है।

गौरतलब है कि आज सरकार संसद में खाद्य सुरक्षा बिल पेश करने की पूरी कोशिश में जुटी है। लेकिन तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता का विरोध इस बिल को हरी झंडी दिखाने में खलल डाल सकता है। कांग्रेस इन्हें जल्द से जल्द पारित कराने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। सत्तारूढ़ पार्टी ने इस उद्देश्य से पूरे सप्ताह उपस्थित रहने के लिए अपने सदस्यों के वास्ते तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।

उत्तर-पूर्व भारत में तबाही मचा रही हैं उफनती नदियां

भारत के कई इलाके इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है। इसकी बदौलत हजारों एकड़ की कृषि योग्य भूमि बर्बाद हो गई और हजारों की संख्या में लोग बेघर हो गए हैं। प्रशासन ने कई इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है तो कई जगहों पर सेना राहत कार्य में जुटी है। उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात और पश्चिमी बंगाल में बाढ़ से काफी तबाही हुई है।

उत्तर प्रदेश : राज्य में गंगा, यमुना और शारदा नदियों के बढ़ते जलस्तर से तटवर्ती इलाकों में तबाही जारी है। बलिया और इलाहाबाद में प्रमुख तटबंधों के टूट जाने से भारी क्षति हुई है। यहां प्रशासन अब सेना की मदद ले रहा है। इलाहाबाद में यमुना का जलस्तर पिछले कई दिनों से लगातार बढ रहा है। सलोरी एसटीपी तटबंध में लगभग 10 मीटर दरार आने से इसके तटवर्ती इलाके सलोरी और अल्लापुर में बाढ़ का पानी घुस गया। सेना के जवान तटबंध में आई दरार को पाटने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

बलिया :- बलिया जिले में गोपालपुर के पास बना तटबंध पानी के दबाव से टूट गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-31 जलमग्न हो गया है। इसकी वजह से तीन गांवों में करीब 20 हजार आबादी अब संकट में है और 200 एकड़ से अधिक खेतों में फसलें जलमग्न हो गई हैं। पूवरंचल के अलावा सीतापुर, बिजनौर, इटावा, मैनपुरी और अंबेडकरनगर समेत वाराणसी, गाजीपुर भी बाढ़ की चपेट में है।
मध्यप्रदेश :- राज्य के पश्चिमी हिस्से में स्थिति अब बेहद गंभीर बनी हुई है। यहां नर्मदा, क्षिप्रा, ताप्ती और कालीसिंध नदियां उफान पर हैं। यहां के हौशंगाबाद और तिहोड़ जिलों में अभी भी कई गांव बाढ के पानी से घिरे हुए हैं। छह जिलों में करीब चालीस हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बुंदेलखंड में बांदा, ललितपुर, हमीरपुर और चित्रकूट में कई गांव प्रभावित हुए हैं।

गुजरात : गुजरात के भरूच,नर्मदा और वडोदरा के तीन जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। लिहाजा यहां के 108 गांवों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बाढ में फंसे तकरीबन 6 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। नर्मदा नदी के लगातार उफनने से सरदार सरोवर बांध का जलस्तर 131 मीटर को पार कर गया जो अब तक का अधिकतम जलस्तर है। भरूच में नर्मदा नदी अपने पूरे उफान पर है और खतरे के निशान से करीब 10 फीट ऊपर बह रही है। अंकलेश्वर और भरूच को जोडने वाला गोल्डन ब्रिज बंद कर दिया गया है।

वीटल ने जीती सत्र की पांचवीं रेस

तीन बार के फॉर्मूला वन चैंपियन सबेस्टियन वीटल ने रविवार को बेल्जियम ग्रां प्रि में शानदार जीत दर्ज की। रेड बुल के जर्मन ड्राइवर की इस सत्र में यह पांचवीं, जबकि करियर की 37वीं जीत है।

महिला रिकर्व टीम ने जीता विश्व कप में सोना

भारतीय महिला रिकर्व टीम ने पोलैंड के रोकला में विश्व कप तीरंदाजी (चौथे चरण) में ताकतवर दक्षिण कोरिया को हराकर उलटफेर करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह मेडेलिन प्रतियोगिता के बाद उनका लगातार दूसरा स्वर्ण पदक है।

दीपिका कुमारी, बोंबायला देवी और रिमिल बुरेली की तिकड़ी ने विश्व चैंपियन कोरिया को रोमांचक फाइनल में 219-215 से हराया। कोरियाई टीम में युन ही, की बेई और जू जंग शामिल थीं। कोरियाई टीम शंघाई में तीसरे और अंताल्या में पहले स्थान पर रही थी, जबकि मेडेलिन चरण में उन्होंने भाग नहीं लिया था। डेनमार्क ने इस स्पर्धा का कांस्य पदक जीता। डेनमार्क की महिलाओं ने रूस को 210-194 से पराजित किया।

अब नहीं बेचना पड़ेगा पदक, मदद को आगे आई सरकार

फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह को रेस में हराने वाले मक्खन सिंह के परिवार को सरकार जल्द से जल्द आर्थिक मदद देगी। स्वर्गीय मक्खन सिंह की विधवा को सरकारी क्षेत्र की तेल कंपनियों की तरफ से मदद पहुंचाई जाएगी। इस बात का एलान संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ ने शनिवार को लोकसभा में किया।

कमलनाथ ने बताया कि सरकार खेल की दुनिया में राष्ट्र का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों और उनके आश्रितों को पेंशन या अन्य मदद देने की एक नीति भी बनाएगी। नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने शून्य काल के दौरान लोकसभा मक्खन सिंह के परिवार की स्थिति को लेकर सवाल उठाया था। स्वराज ने कहा कि सरकार को एक स्पष्ट नीति बनानी चाहिए जिसमें देश के सभी खिलाडि़यों को श्रेणीबद्ध करने का तरीका हो। इस श्रेणी के जरिए ही यह तय होना चाहिए कि खिलाड़ियों या उनके परिवार को किस तरह की मदद दी जानी है। इसके तहत आर्थिक मदद देने से लेकर रोजगार उपलब्ध कराने तक की व्यवस्था होनी चाहिए। इन्हें पेंशन देने का भी प्रावधान किया जा सकता है।

स्वराज की तरफ से इस मुद्दे को उठाने के बाद अधिकांश सांसदों ने इसका समर्थन किया। इसके तुरंत बाद ही पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली और संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ में चर्चा हुई और मक्खन सिंह के परिवार को मदद पहुंचाने की घोषणा की गई।

सनद रहे कि फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' की सफलता के बाद मीडिया जगत में मक्खन सिंह के बारे में भी खबरें प्रमुखता से प्रकाशित हो रही हैं। मक्खन सिंह की विधवा ने हाल ही में एक टीवी चैनल को बताया था कि वे काफी आर्थिक तंगी में जिंदगी बसर कर रही हैं और तंगी की वजह से वे मक्खन सिंह को मिले पदक को बेचना चाहती हैं।

एशियन यूथ गेम्स: भारतीय स्क्वॉश टीम को रजत पदक

एशियन यूथ गेम्स के फाइनल में भारतीय पुरुष स्क्वॉश टीम मलेशिया के हाथों 1-2 से हार गई। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। शुक्रवार को हुए फाइनल के पहले मुकाबले में मलेशिया के डैरेन टि लुन चान ने माधव योगेश ढींगरा को 11-3, 8-11, 11-7, 11-1 से हराते हुए अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरे मैच में भी बाजी मलेशिया के नाम रही। भारत के कुश कुमार को मुहम्मद शफीक के हाथों 4-11, 11-7, 3-11, 12-10, 6-11 से हार झेलनी पड़ी। तीसरे मैच में भारत के विजय मीणा ने इयान यो को 5-11, 7-11, 11-9, 11-6, 11-5 से हराकर जीत का अंतर 1-2 किया। भारत इन खेलों में 12 (तीन स्वर्ण, चार रजत और पांच कांस्य) जीतकर दसवें स्थान पर रहा। भारत ने इन खेलों में एशियन ओलंपिक समिति के झंडे तल भाग लिया था।