(Hindi) एसएससी परीक्षा के लिए करेंट अफेयर्स (Current Affairs For SSC CGL Examination) 19 July, 2013

एसएससी परीक्षा के लिए करेंट अफेयर्स (Current Affairs For SSC CGL Examination)

19 जुलाई 2013

बीजेपी की चुनावी टीम तैयार, मोदी ने दिया 'नमो' मंत्र

आगामी लोकसभा और पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति बनाने में जुटी भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में पार्टी के सिपहसालारों की चुनाव कार्य संबंधी जिम्मेदारी तय कर दी गई है। इनके नामों की औपचारिक घोषणा आज की जाएगी।

दिवालिया घोषित होगा अमेरिकी शहर डेट्रायट

अमेरिकी शहर डेट्रायट ने उसे दिवालिया घोषित करने के लिए आवेदन किया है जिस पर 18 अरब डॉलर का कर्ज है। यह कदम उठाने वाला यह अमेरिका का सबसे बड़ा शहर है जिसे दुनिया की वाहन राजधानी भी कहा जाता है।मिशिगन के गवर्नर रिकी स्नाइडर ने अपनी वेबसाइट पर एक वीडियो संदेश में यह जानकारी दी है। इसमें उन्होंने कहा है कि मैंने आज डेट्रायट के आपात प्रबंधकों को अधिकृत किया कि वे डेट्रायट शहर (सिटी ऑफ डेट्रायट) के लिए संघीय दिवालिया संरक्षण हासिल हेतु आवेदन करें। स्नाइडर ने इस कदम को कठिन व कष्टदायी बताया है। उन्होंने कहा है कि अगर उनके पास कोई और विकल्प बचा होता तो वे यह कदम नहीं उठाते। डेट्रायट की जंनसख्या किसी समय 20 लाख थी जो अब घटकर 70,000 रह गई है।

भारत-चीन विवाद के 8 सबसे अहम कारण...

1. तिब्बत

भारत व चीन के बीच तिब्बत, राजनीतिक व भौगोलिक तौर पर बफर का काम करता था। चीन ने 1950 में इसे हटा दिया। भारत तिब्बत को मान्यता दे चुका है, लेकिन तिब्बती शरणार्थियों के बहाने चीन इस मसले पर यदा-कदा नाक भौं सिकोड़ता रहता है।

2. अक्साई चिन रोड

लद्दाख इलाके में यह सड़क बना कर चीन ने विवाद का एक और मसला खड़ा किया है। चीन जम्मू-कश्मीर को भारत का अंग मानने में आनाकानी करता है, लेकिन पाक के कब्जे वाले कश्मीर को पाकिस्तान का भाग मानने में उसे कोई आपत्ति नहीं है।

3. विवादित सीमा

दोनों देशों के बीच करीब 3000 किमी की सीमा पर कोई स्पष्टता नहीं है। चीन जान-बूझ कर सीमा विवाद हल नहीं करना चाहता। वह सीमा विवाद को समय-समय पर भारत पर दबाव बनाने के लिए उपयोग करता है।

4. अरुणाचल

चीन पूरे अरुणाचल पर अपना दावा जताता रहा है। अरुणाचल में एक जल विद्युत परियोजना के लिए एशिया डेवलपमेंट बैंक से लोन लेने का चीन ने जम कर विरोध किया। अरुणाचल को विवादित बताने के लिए चीन वहां के निवासियों को स्टेपल वीजा देता है।

5. ब्रह्मपुत्र

चीन ब्रह्मपुत्र नदी पर कई बांध बना रहा है और उसका पानी वह नहरों के जरिये उत्तरी चीन के इलाकों में ले जाना चाहता है। भविष्य में इस मसले के बड़ा विवाद बनने की आशंकाओं को ध्यान में रख भारत इस मसले को द्विपक्षीय बातचीत में उठाता रहा है।

6. हिंद महासागर

चीन ने पिछले कुछ वर्षों में हिंद महासागर में अपनी गतिविधियां काफी बढ़ा दी हैं। पाकिस्तान, म्यांमार व श्रीलंका के साथ साझेदारी में परियोजनाएं शुरू कर वह भारत को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है।

7. पीओके

पाक अधिकृत कश्मीर और गिलगित बालटिस्तान में चीनी गतिविधियां तेज हुई हैं। पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह ने खुद कहा कि इन इलाकों में तीन से चार हजार चीनी कार्यरत हैं, जिनमें पीएलए के लोग भी हैं।

8. साउथ चाइना सी

अपनी ऊर्जा की जरूरतों को ध्यान में रख चीन साउथ चाइना सी इलाके में अपना प्रभुत्व कायम करने की कोशिशें कर रहा है। यहां उसे वियतनाम, जापान और फिलीपींस से चुनौती मिल रही है। हाल में उसने वियतनाम की दो तेल ब्लॉक परियोजनाओं में शामिल भारतीय कंपनियों को चेतावनी दी की वह साउथ चाइना सी से दूर रहें।

बुकानन ने तोड़ा न्यूजीलैंड क्रिकेट से नाता

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कोच जॉन बुकानन ने तुरंत प्रभाव से न्यूजीलैंड क्रिकेट के निदेशक पद को छोड़ दिया है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने इसकी जानकारी दी है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि 60 वर्षीय बुकानन को उनके पद से हटाया गया है या उन्होंने खुद ही इस्तीफा दिया है।

बोर्ड ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि बुकानन जिन्होंने मई 2011 में न्यूजीलैंड क्रिकेट के निदेशक का पद ग्रहण किया था वह अपना पद छोड़ रहे हैं। लेकिन ऐसा करते हुए उन्हें काफी निराशा हो रही है क्योंकि उन्हें पारिवारिक कारणों की वजह से ऑस्ट्रेलिया वापस जाना पड़ रहा है।